शुक्रवार, 10 अगस्त 2012

जीवनधर्मी कवि केशव तिवारी की कविताएं

जीवनधर्मी कवि
केशव तिवारी की कविताएं

 

      केशव तिवारी एक ऐसे कवि हैं जिनके रोम-रोम में लोक बसा हुआ है। इनकी कविता के  कथ्य ,शिल्प और भाषा में लोक के रंग गहरे तक पैठे हैं इनकी कविताओं को पढ़ते या सुनते हुए लगता है जैसे हम उस लोक विशेष में प हुंच गए हों लोक की प्रकृति ,लोक के नर -नारी , लोक के रीति-रिवाज ,लोक की बोली-भाषा ,लोक की वेश-भूषा ,लोक के गीत -संगीत ,लोक के गायक ,लोक के वाद्य ,लोक के सं घर्ष ,दुख-दर्द , हर्ष-विषाद आदि सभी रंग उनकी कविताओं मे पूरी सहजता एवं सरसता के साथ चित्रित हैं।
            मृदु स्वभाव के धनी कवि  केशव तिवारी की  कविताओं में व्यक्त लोक की विशिष्टता है कि वह किसी भी अंचल का हो उसी आत्मीयता एवं जीवंतता के साथ प्रकट होता है जैसे उनके अपने अंचल का उन्हें रसूल हमजातोव के दागिस्तान से  भी उतनी ही रागात्मकता है जितनी अपने अवध या बुंदेलखंड से इसी लिए तो उनकी सबसे प्रिय पुस्तकों में से एक है- रसूल हमजातोव की पुस्तकमेरा दागिस्तान यह कवि की लोक के प्रति वैश्विक दृष्टि का परिचायक है हो भी क्यों ना लोक चाहे कहीं का भी क्यों ना हो ,रंग भले उसके अलग-अलग हों रूप कमोवेश एक ही होता है अर्थात सभी के दुख-दर्द एवं संघर्ष एक समान होते हैं। सोचने विचारने का तरीका एक होता है। ऐसे में एक सच्चा जनकवि  किसी भी अंचल की आम जनता के कष्टों एवं संधर्षों से उद्ववेलित हुए बिना भला कैसे रह सकता है।
               जनवादी लेखक संघ की उत्तर प्रदेश इकाई के महासचिव तथा राष्ट्रीय कार्यकारणी के सदस्य केशव तिवारी का लोक केवल गॉवों तक सीमित नहीं है बल्कि कस्बों ,नगरों तथा महानगरों में रहने वाला लोक भी उनकी नजरों से ओझल नहीं है। साथ ही उन्हें लोक में सब कुछ अच्छा ही अच्छा नहीं दिखाई देता है वे लोक की गड़बडियों को भी नजरदांज नहीं करते ।इस तरह केशव लोक को द्वंद्वात्मक दृष्टि से देखने वाले कवि हैं।

 

         कुमाऊॅ

मैं बहुत दूर से थका हरा आया हूं
मुझे प्रश्रय दो कुमाऊॅ ये तुम्हारे ऊॅचे पर्वत
जिन पर जमा ही रहता है
बादलों का डेरा
कभी दिखते कभी विलुप्त होते
ये तिलस्मी झरने तुम्हारे सप्तताल 
तुम इनके साथ कितने भव्य लगते हो कुमाऊॅ
शाम को घास का गट्ठर सर पर रखे
टेढ़े-मेढ़े रास्ते से घर लौटती
घसियारी गीत गाती औरतें
राजुला की प्रेम कहानियों में डूबा
हुड़के की धुन पर थिरकता
वह हुड़किया नौजवान
उस बच्चे की फटी झोली से उठती
हींग की तेज महक
तुम उसकी महक में बसे हो कुमाऊॅ
यह मैासम सेबों के सुर्ख होने का है
आडुओं के मिठास उतरने का है
और तुम्हारी हवाओं में कपूर की
तरह घुल जाने का है
उनके भी घर लौटने का मैासम है
जिन्हें घर लौटते देखकर मीलों दूर से
पहचान जाती है तुम्हारी चोटियॉ
 कुमाऊॅ !

 पाठा की बिटिया

गहरा सॉंवला रंग
पसीने से तर सुतवॉ शरीर
लकड़ी के गट्ठर के बोझ से
अकड़ी गर्दन
कहॉं रहती हो तुम
कोल गदहिया ,बारामाफी ,टिकरिया
कहॉं बेचोगी लकड़ी
सतना ,बॉंदा ,इलाहाबाद
क्या खरीदोगी
सेंदुर ,टिकुली ,फीता
या आटा ,तेल ,नमक
घुप्प अंधेरे में
घर लौटती तुम
कितनी निरीह हो
इन गिद्धों भेड़ियों के बीच
तुम्हारे दुःखों को देखकर
खो गया है मेरी भाषा का ताप
गड्डमगड्ड हो गये हैं बिम्ब
पीछे हट रहे हैं शब्द
इस अधूरी कविता के लिए
मुझे माफ करना
पाठा की बिटिया  

 किले होते महल होते

रवण हत्था बजाता यह भोपा
क्या गा रहा है
ठीक ठीक कुछ भी समझ नहीं रहा
इस निपट वीराने में इसका स्वर
इस मरुभूमि में
इसकी रंग विरंगी पगड़ी
बता रही है
एक बूढ़े भोपा ने यहॉ
छेड़ रखी है मुहिम
वीरानगी के खिलाफ
लोहा लेना तो यहॉ के पानी में है
एक स्त्री ने भी लिया था लोहा
राना जी के खिलाफ
और ढोल बजा बजा कर
कर दी थी मुनॉदी
मैंने लीनो गोविंद मोल
तराजू के एक पलड़े पर था गोविंद
दूसरे पर राना का साम्राज्य
यह सुरों में डूबा भोपा
एकतारा लेकर महल त्याग चुकी वह स्त्री
उॅटगाड़ी में पानी की तलाश में
निकले लोग
रेवणों के पीछे मस्त गड़रिये
इनके बिना यह प्रदेश
सामंती अवशेषों के सिवा
क्या होता
जहॉं किले होते, महल होते
पर अपने समय को
ललकारते लोग होते

जन्म- 4 नवम्बर, 1963; अवध के जिले प्रतापगढ़ के एक छोटे से गाँव जोखू का पुरवा में।
‘इस मिट्टी से बना’ कविता-संग्रह, रामकृष्ण प्रकाशन, विदिशा (म.प्र.), सन् 2005; ‘संकेत’ पत्रिका का ‘केशव तिवारी कविता-केंद्रित’ अंक, 2009 सम्पादक- अनवर सुहैल। देश की महत्त्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ, समीक्षाएँ व आलेख प्रकाशित। ‘आसान नहीं विदा कहना’ कविता-संग्रह, रॉयल पब्लिकेशन, जोधपुर
सम्प्रति-
बांदा (उ.प्र) में हिन्दुस्तान यूनीलीवर के विक्रय-विभाग में सेवारत।
सम्पर्क-
द्वारा पाण्डेये जनरल स्टोर, कचेहरी चौक, बांदा (उ.प्र)
मोबाइल- 09918128631
ई-मेल- keshav_bnd@yahoo.co.in

रविवार, 5 अगस्त 2012

कहीं खुल न जाये दुपट्टे की गांठ !

कहीं खुल न जाये दुपट्टे की गांठ !   






          दोस्तो ! बहुत दिनों से नेट पर लगभग अनुपस्थित सा रहा हूं मैं। वजह मेरा पीसी कोमा में चला गया था। अब सब कुछ ठीक ठाक है। आज अपने एक इलाहाबादी दोस्त की कुछ कविताएं पोस्ट कर रहा हूं। इस समय ये नागालैण्ड के  एक विद्यालय  में अध्यापन का कार्य कर रहे हैं। इनकी कुछ कविताएं देश की विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं।
         आगे हम आपको जल्द ही केशव तिवारी ,विजय सिंह, भरत प्रसाद ,महेश चन्द्र पुनेठा, हरीश चन्द्र पाण्डे ,शंकरानंद, संतोष कुमार चतुर्वेदी, रेखा चमोली, शैलेष गुप्त वीर, विनीता जोशी, यश मालवीय , कपिलेश भोज ,नित्यानंद गायेन, कृष्णकांत, प्रेम नन्दन एवं अन्य समकालीन रचनाकारों की रचनाओं से रुबरु कराते रहेंगे। आशा है आप सबका स्नेह व प्यार पहले की तरह मिलता रहेगा।

अमरपाल सिंह आयुष्कर की कविताएं.

जिन्दगी 

कागजों की कश्तियों . सा बह रहा
एक बच्चे की जुबानी कह रहा
जिन्दगी मुट्ठी से गिरती रेत है
या हथेली थक चुकी करतब दिखाकर
मांगती पैसे अठन्नी एक है
धूप से सींचे फटे से होंठ ले
खा रहा रोटी बुधौवा नेक है
या किसी बंजर की माटी सींचकर
लहलहाता. सा तना इक खेत है ।


अम्मा

हमारा आंगन उतना बड़ा 
जितना परात  
पर अम्मा न जाने कैसे न्योत लेती
होली,दिवाली,तीज,त्यौहार
बाबा के शब्दों में बरात

इंतज़ार 

बाज़ार गई बेटी 
माँ की सांसे बाप की इज्जत
गठिया ले गई  दुपट्टे के कोने में  
कभी भी फट सकता है कोना
बाज़ार की वीरानी में 
उछल सकता है कोई कंकड़
फंस सकता है  
दुपट्टा किसी पहिये में 
डर है 
कहीं खुल न जाये दुपट्टे की गांठ !
शायद , इसीलिए सहमी है दरवाजे पर 
टिकी बाप की आँखे और माँ की साँस !

संपर्क सूत्र.

अमरपाल सिंह आयुष्कर
ग्राम खेमीपुर,नवाबगंज
जिला गोंडा ,उत्तर  प्रदेश
मोबा0. 09402732653

बुधवार, 25 जुलाई 2012

नित्यानंद गायेन की कविता-तुम इतनी टूट चुकी हो ...?

-तुम इतनी टूट चुकी हो ...?









           मैं , अक्सर
           तुम्हे सोचता हूँ
           खोजता हूँ
           हवा में , पानी में
           पहाड़ों में, जंगलों में
           मिट्टी में
           तुम्हे पाता हूँ
           हर बार टुकड़ों में
           हे प्रकृति
           तुम इतनी टूट चुकी हो ...
           सिमटकर 
रह गई हो
           सिर्फ 
किताबों में ..?
           दूषित हो चुका है 
           जल ,वायु
           मिट्टी खो चुकी है खुशबू
           हार गए जंगल, लड़ते –लड़ते
           तुम्हारे बनाये हुए इंसानों से
           क्या फिर कभी मिलोगी
           अपने असली रूप में
           हम इंसानों की
           मौजूदगी में  ?


मंगलवार, 26 जून 2012

प्यारे सपने


प्यारे सपने





नींद में आते हैं सपने

पास बुलाते हैं सपने

कभी मनमोहक तो कभी

डरावने होते हैं सपने ।

 
सपने जब डरा जाय

प्यार से सहलाते हैं अपने

परी लोक में ले जाकर

सैर कराते हैं सपने ।।

 
कभी दोस्त के घर तो कभी

दुश्मन के घर ले जाते हैं सपने

परंतु यह बात भी सच है कि

प्रश्न पत्र कैसे होंगे

नहीं बताते हैं सपने ।।


                       कपिल पांडेय     कक्षा-10

बुधवार, 6 जून 2012

देखो कितने लदे-फदे हैं पेड़


   देखो कितने लदे-फदे हैं पेड़ 


           इन दिनों राजकीय इंटर कालेज देवलथल के प्रांगण के चारों ओर बोटल ब्रूश अपने पूरे शबाब में हैं। फूल-पत्तियों से लदे-फदे पेड़ बहुत ही मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्हें देख मन आनंदित हो उठता है। इस सुंदर दृश्य को देख विचार आया क्यों न इसका कुछ रचनात्मक उपयोग किया जाय ताकि विद्यालय की पाक्षिक दीवार पत्रिका ’उमंग’ के लिए कुछ सामग्री तैयार हो सके। बच्चों को एक पंक्ति दे दी गई- देखो कितने लदे-फदे हैं पेड़। कक्षा छः से नौ तक के बच्चों ने अपने-अपने अंदाज में कविता को आगे बढ़ाया। कम से कम चार पंक्तियाँ तो सभी बच्चों ने अपने-अपने अंदाज में लिखी ही। अधिकांश बच्चे तो उतना ही देख पाए जो उनकी खुली आँखों ने देखा पर कुछ बच्चों ने इस दृश्य को ’ मन की आँखों ’ से देखा और उनकी कल्पना की उड़ान उन्हें बहुत दूर तक ले गई।  जिसके चलते उनकी अभिव्यक्ति में हम कवितापन दिखाई देता है। प्रस्तुत हैं यहाँ ’उमंग’ के संपादक अंकित चौहान   कक्षा-12 द्वारा चयनित तीन कविताएं- 
देखो कितने लदे-फदे हैं पेड़ 
सुंदर कितने हरे-भरे हैं ये पेड़। 
                लटके इनमें लाल-लाल गहने
                हरियाली छायी हरे वस्त्र पहने। 
देखो कितना मन को भाए हैं पेड़
प्यारी-प्यारी कलियाँ लाए हैं पेड़ ।
                इनकी खुशबू है कितनी महकदार 
                देखने में हैं ये कितने चहकदार। 
फूल खिलाकर लाए हैं ये पेड़
सबके मन को लुभाए हैं ये पेड़। 
                                                   -----पूजा शर्मा कक्षा -9 

 देखो कैसे लदे-फदे हैं पेड़ 
लाल फूल और हरियाली से लदे-फदे हैं पेड़ ।
                 भौंरे इनमें गुन-गुन करते 
                फूलों से रस चुन-चुन लेते।
प्यारे-प्यारे फूल दिखाते 
मन को बहुत हैं हरषाते। 
                 एक नई उमंग दिलाते
                 ठंडी-ठंडी हवा भी लाते। 
देखो कैसे लदे-फदे हैं पेड़ 
लाल फूल और हरियाली से लदे-फदे हैं पेड़ ।
                 भंवरे गीत सुनाते हैं
                 खुशहाली वे लाते हैं। 
पृथ्वी का सौंदर्य बढ़ाते हैं 
लहराकर शीश झुकाते हैं।
                  पेड़ों से उम्मीद जुड़ी है
                  जुड़ा है सारा संसार
पेड़ों से मिला ये जीवन 
जीवन से मिलता है प्यार । 
देखो कैसे लदे-फदे हैं पेड़ 
लाल फूल और हरियाली से लदे-फदे हैं पेड़ ।
                                                  ---- सूरज प्रकाश   कक्षा-9
देखो कैसे लदे-फदे हैं पेड़ 
कितने सुंदर लग रहे हैं पेड़
               लाल-लाल गहनों से सजे हैं पेड़ 
               रेशम के फूलों से लदे हैं ये पेड़। 
कितने सुंदर फूल खिले हैं
कितने अच्छे-अच्छे फूल। 
                  कितनी मधुर छाया मिल रही  इन पेड़ों से 
                  भंवरे खेल रहे हैं पेड़ों के सुंदर फूलों  से। 
कितनी चिड़ियों के ये घर हैं 
सुनाई देते उनके मधुर स्वर हैं। 
                  इन पेड़ों से कितनी ठंडी हवा मिल रही
                   अपने मन की कली-कली खिल रही। 
                                                           ----- सूरज भट्ट कक्षा-9                                            प्रस्तुति- महेश चंद्र पुनेठा 

सोमवार, 21 मई 2012

महेश चंद्र पुनेठा की कविताएं











पहाड़ का सौंदर्य

अल्मोड़े से कसारदेवी की ओर
बढ़ चली थी गाड़ी
चारों ओर फैली हरियाली
कोमल-कोमल चातुरमासी घास
बॉज-बुरूंश-चीड़-देवदार के
विस्तृत वन-कानन
कभी पड़ रही थी जिनमें
बरखा की बूदें झमझम
कभी ढक लेता जिनको
मॉ की ऑचल सा  कुहारा चमचम
कहीं मिल जाते थे   
जंगल जाती महिलाओं के दल
हिलमिल
कहीं घंटी बजाते बैलों के झुंड
टुनटुन
दूर कहीं अचानक बादलों के बीच
दिख जाते
लुकाछिपी करते से
हिमाच्छादित पर्वत शिखर
कच्ची-पक्की सड़कों में हिचकोले खाते 
देख यह दृष्यालेख
गदगद थे
कवि के
व तिवारी और आलोचक जीवन सिंह
बच्चों सी
चमक रही थी उनकी ऑखें
होठों में थिरकन
हवा चलते हुए झील के जल सी
जैसे कहना चाह रहे हों कुछ
और कह भी नहीं पा रहे हों।
कवि-आलोचक द्वय के भीतर
झर रहा था सौंदर्य का अद्भुद झरना
पास जिसके 
भीग रहे थे हम फुहारों में
एक बार फिर
हम भी ठहरकर देख रहे थे
पहाड़ के सौंदर्य को
कुछ ऐसा ही था यह अनुभव
जैसे किसी और को प्रेम में पड़े देख
याद हो आता है अपना प्रेम भी
गदगद थे वो
गदगद थे हम
गदगद लगता था पहाड़ भी ।  

 पत्नी जो ठहरी तुम्हारी


हाथ बॅटाना तो हुआ नहीं तुमसे कभी
पुरुष होने की इज्जत में बट्टा जो लग जाता ।
सारा काम निबटाकर
आराम को आती हॅू जब बिस्तर में
कुलबुलाने लगती हैं इच्छाएं तुम्हारी
हर रात ।
जुर्रत भी महसूस नहीं करते 
जानने की मेरी इच्छा
जैसे कोई
शिकारी ।
करो भी क्यों       
पत्नी जो ठहरी तुम्हारी
ढोल बजाकर जो लाए हो घर इसीलिए।
रौंद डालते हो मेरे शरीर को
जैसे बिगड़ा सॉड़ किसी खेत को
मेरी चित्कार भी
नहीं देती सुनाई तुम्हें
तुम चाहते हो तुम्हारे बहशीपन में भी
महसूस करू मैं आनंद ।
सब कुछ चाहिए तुम्हें
नहीं मिल पाए जो उसी में हंगामा ।
और
मेरा मन रखने को भी
नहीं कर सकते तुम कभी
मेरी झूठी तारीफ तक ।
पता नहीं क्यों तुम्हें अब
मुझमें दिखाई नहीं देते कोई गुण ।
कभी तो तुम्हें
मुझमें दिखाई देगा कुछ अच्छा
खटती रहती हॅू
इस चाह में दिन-रात ।
अपने को
बड़ा ही दिखाते रहते हो 
हर हमेशा
और
मुझे मतिमूढ़
चाहे तुमसे होता न हो
एक तिनका भी टेड़ा।

मैं बिछती रही जितनी
तुम पसरते गए उतने ।
कहते रहे समय-समय पर-
’’मैं कितना प्यार करता हॅू तुम्हें
नहीं जानती तुम‘‘
और 
मैं भूलाती रही सब कुछ
और
तुम चलाते रहे सब कुछ ।

संपर्क-  जोशी भवन ,निकट लीड बैंक चिमस्यानौला 
           पिथौरागढ़ 262501 मो0-9411707470

शनिवार, 12 मई 2012

कथा लेखन श्रमसाध्य विधा है और कवि प्रायः श्रमभीरू होते हैं : ~


फतेहपुर के समूचे साहित्यिक परिदृश्य को रेखांकित करने के लिए युवा रचनाकार एवं अपने रचना एकर्म को अपने हिन्दी ब्लॉग "आखरबाड़ी" के माध्यम से दुनिया तक फैलाने में संलग्न श्री प्रेम नंदन जी ने साहित्य की विभिन्न विधाओं पर फतेहपुर जनपद के इतिहास को समेटे ग्रंथों ‘अनुवाक और उसकी अगली कड़ी अनुकाल’ के प्रधान सम्पादक डॉ0 ओऽमप्रकाश अवस्थी जी से एक लम्बी बातचीत की है। डा. ओऽमप्रकाश अवस्थी ने साहित्य और विशेषकर समालोचना के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी का बखूबी अहसास कराया है। निःसंदेह इन्हें फतेहपुर जिले की आलोचना परंपरा का प्रतिनिधित्व करने वाले शिखर पुरुष का दर्जा प्राप्त है। साहित्य के इस पुरोधा की कृतियों में रचना प्रक्रिया , नई कविता, आलोचना की फिसलन , अज्ञेय कवि व अज्ञेय गद्य प्रकाशित हुई है। साहित्य की अनेक विधाओं पर  एक लंबी  गंभीर बातचीत

प्रेम नंदन-  डॉ0 साहब, कहानी, नई कहानी और अकहानी में मूलभूत क्या अन्तर है?

 डॉ0 ओऽमप्रकाश अवस्थी- कहानी, नई कहान और अकहानी साहित्य जगत के इन पारिभाषिक कुनबों में वैसा ही अन्तर है जैसा पारम्परिक समाज, परम्पराओं से विघटित होता हुआ समाज और आज का समाज। मूलतः कहानी कथा शबद की आधुनिकता का स्थानापन्न रूप है, जिसका विकास लगभग सन् 1900 के आस-पास माना जाता है। इस समय प्रेम सागर, नासिकेतोपाख्यान, इंशा अल्ला की रानी केतकी की कहानी आदि रचनाओं ने अपने को प्रारम्भिक कहानी के रूप में स्थापित किया। यह प्रक्रिया बहुत दिनों तक धार्मिक आख्यानों, उर्दू की किस्सा गोई और संस्कृत के नाटकों की कथा-वस्तु को सम्मिलित रूप से कहानी के रूप में प्रस्तुत की जाती रही। यह कहानी मूल रूप में इतिवृत्तात्मक रही।

 लेकिन सन् 1930 के आस-पास से कहानी इतिवृत्तात्मकता के साथ-साथ देश-काल के समस्या मूलक विषयों को भी जोड़ने लगी जो उस समय देश की आवश्यकता थी, यथा बाल-विवाह, देशद्रोह, अशिक्षा जैसी बुराईयों का खण्डन और नारी-शिक्षा, देश प्रेम, सम्बन्धों का निर्वाह, संयुक्त परिवार की अवधारणा का मण्डन करती रही। मोटे तौर पर विषय वस्तु और शैली को लेकर परिवर्तन होते रहे लेकिन संयुक्त परिवार की अवधारणा ने 1947 तक कहानी को कहानी ही बने रहने दिया। ज्यों-ज्यों संयुक्त परिवार की अवधारणा खण्डित होने लगी और गाँव तथा शहर एक दूसरे से सम्पर्क में आने शुरु हुए, इन नई परिस्थितियों को उद्घाटित करने के लिए नई कहानी का जन्म हुआ। इसके बाद शहरीकरण के जितने दूषित, कुरूप, असामाजिक मूल्य थे वे सब अकहानी के विषय वस्तु बन गये। जिसके कारण अकहानी पर अश्लीलता जैसे दाग भी देखे गये।

प्रेम नंदन- कहानियों से गाँव गायब होते जा रहे हैं और पंचसितारा संस्कृति के अनुरूप लिखी कहानियाँ आम आदमी से दूर होती जा रही हैं, ऐसे में किस्सार्गो और प्रेमचंद जैसे कहानीकारों की परम्परा की क्या प्रासंगिकता रह गई है?

डॉ0 ओऽमप्रकाश अवस्थी- कहानी लेखन में पंचसितारा संस्कृति के हाबी होने में शहरों में उपलब्ध शिक्षा, व्यवसाय और प्रकाशन तीनों का बड़ा हाथ हैं। शहरी जीवन में ये तीनों लेखकों को आसानी से प्राप्त हो जाने के कारण ही साहित्य में शहरीकरण हावी होता गया और शहरीकरण बढ़ते-बढ़ते पंचसितारा संस्कृति तक पहुँच गया। ग्रामीण क्षेत्र से गये साहित्यकार भी अपने को ग्रामीण संस्कृति का जानकार मानने में आत्महीनता का अनुभव करने लगे। ग्राम्य संस्कृति को पहचानना बाबूपन के लिए बहुत भारी धब्बा हो गया। नगरों एवं महानगरों की सितारा संस्कृति में न केवल ग्रामीण जीवन बल्कि मनुष्य की ही पहचान खत्म हो गयीं इसीलिए कथा साहित्य में ग्राम्यांचल को लेकर पहचान बनाने वाले लेखक नहीं रहे और जो कुछ लिखा भी जा रहा है उसमें बनावटीपन की गंध है।

 

चूँकि हिन्दी का औसत पाठक और लेखक इस अति उच्च वर्ग का नहीं है जो अपने को उस पंचसितारा संस्कृति से जोड़ सके, इसलिए आज की पंचसितारा कहानियों एवं पाठक एक दूसरे से दूर होते जा रहे हैं। रही बात प्रेमचंद के ग्रामीण जीवन की प्रासंगिकता की तो वह दो कारणों से बनी रहेगी। पहला तो यह कि कथा साहित्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति का आंकलन करने के लिए ग्राम्यांचल की कहानियाँ ही दिग्दर्शक बनेंगी और दूसरा यह कि जिन आधारों और मूल्यों को उन्होंने अपने कथा साहित्य का आधार बनाया है वे आधार आगे किस प्रकार विकसित हुए, इसकी पहचान करायेंगे। जैसे झिंगुरी शाह से दस रुपये उधार लेकर उनकी अदायगी करने वाला होरी और आज के बैंकों में अपनी जमीन गिरवी रखकर ऋण लेने वाला किसान।

प्रेम नंदन- जनपद में कथा साहित्य के इतिहास पर संक्षेप में प्रकाश डालते हुए वर्तमान परिदृश्य को स्पष्ट करने की कृपा करें।

डॉ0 ओऽमप्रकाश अवस्थी- फतेहपुर जनपद में कथा साहित्य का सूत्रपात धार्मिक ग्रन्थों की टीकायें लिखने और ग्रामीण आंचलों में, परिवारों में, धार्मिक, उपदेशात्मक लोक कथायें कहने से हुआ। अधिकांशतः पौराणिक कथाओं को लोक भाषा में बदलने का काम यहाँ के साहित्यकारों ने किया। साहित्यिक मानदण्ड से जुड़े हुए कथाकार के रूप में सबसे पहला नाम लाला भगवानदीन ‘दीन’ का आता है। लाला जी ने लक्ष्मी पत्रिका के सम्पादन के माध्यम से छोटी-छोटी उपदेशात्मक एवं समाजोपयोगी तथा देश प्रेम से जुड़ी कहानियाँ लिखीं। उन्होंने एक छोटा सा उपन्यास भी लिखा। उनकी पत्नी बुन्देला बाला भी कहानियाँ लिखती थीं। कथा साहित्य का यह दौर आगे बढ़ा और राज बहादुर लमगोड़ा ने 1857 के समय के कथानकों को लेकर कुछ कहानियाँ लिखीं। उन्होंने रामकथा को छोटे-छोटे टुकड़ों में कहानीबद्ध करके लिखा।

इस युग में रामेश्वर शुक्ल ‘अंचल’, इकबाल बहादुर वर्मा, महावीरप्रसाद राय, गणेश शंकर विद्यार्थी, रामप्रसाद विद्यार्थी (रावी), जीवन शुक्ल, जीवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव (जीवन दद्दा), प्रयाग शुक्ल आदि साहित्यकार कहानी लिखते रहे। वर्तमान में श्रीकृष्ण कुमार त्रिवेदी, महेन्द्रनाथ बाजपेयी, जयप्रकाश त्रिवेदी, डॉ0 बालकृष्ण पाण्डेय, शैलेष गुप्त, बृजेन्द्र अग्निहोत्री, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव जैसे अनेक साहित्यकार कथा-साहित्य में अपना योगदान कर रहे हैं।

प्रेम नंदन- क्या कारण है कि जनपद में कविता के बरक्स गद्य लेखन नगण्य प्राय है? इक्के-दुक्के कहानीकार व उपन्यासकार दिखते हैं ऐसी स्थिति में इस विद्या का आप क्या भविष्य देखते हैं?

डॉ0 ओऽमप्रकाश अवस्थी- जनपद में स्थापित कवियों, कवि सम्मेलनीय कवियों और उत्साह से प्रेरित होकर स्फुट कवितायें लिखने वालों की लम्बी सूची है लेकिन उसके अनुपात में कहानीकार दाल में नमक की तरह हैं। चूँकि कथा लेखन श्रमसाध्य विधा है और कवि प्रायः श्रमभीरू होते हैं, शायद इसलिए भी जनपद में कथा लेखन नगण्य प्राय है। दूसरा, यहाँ न तो कथा साहित्य के मंच बने और नहीं कथा साहित्य की गोष्ठियाँ सम्पादित हो सकीं, जिससे इस विधा का कुछ विकास हो सकता। यहाँ का जितना भी कथा साहित्य है वह शुद्ध रूप से पाठ्ष साहित्य रहा। इसके लेखन में जितनी तन्यमता और कई सम्बन्धों का संयोजन करने की आवश्यकता होती है वह साहित्यकारों से रम साध्य न हो सका। कथा साहित्य में जो जीवन की अन्तरंगता, सम्बन्धों के निर्वाह के साथ चलती है उतना क्रम करने वाले साहित्यकार कम हैं। एक और बहुत बड़ा कारण यह है कि कथा साहित्य के सामूहिक सम्मेलनों या कहानी लेखकों और कहानी स्रोताओं के संगठन नहीं बन सके। मुख्य रूप से कहानी पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशन तक सीमित रह गई और उसका सामान्य जन जीवन से सम्बन्ध न बनने के कारण कथा साहित्य का जनपद में समुचित विकास नहीं हो सका है।

प्रेम नंदन- डॉ0 साहब, जनपद के कथाकारों एवं उपन्यासकारों के योगदान पर प्रकाश डालने की कृपा करें।

डॉ0 ओऽमप्रकाश अवस्थी- इधर कुछ वर्षों से पत्र-पत्रिकाओं में छोटी कहानियाँ, लघुकथायें लगातार प्रकाशित हो रही हैं तो कुछ लम्बी कहानियाँ भी लिखी जा रही हैं। जनपद के कथाकार यदि इसी गति से लिखते और प्रकाशित होते रहे तो इस विधा के समृद्ध होने की काफी सम्भावनायें हैं। इसको आगे बढ़ाने के लिए कहानी का वाचन, श्रवण और उस पर कुछ श्रोताओं की प्रतिक्रियायें बहुत कारगर सिद्ध हो सकती हैं।

मंगलवार, 1 मई 2012

भरत प्रसाद की दो कविताएं-


परिचय-
 
             01 अगस्त 1971 को उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जनपद में हरपुर नामक गांव में जन्में  भरत  प्रसाद ने समस्त शैक्षिक डिग्रियां प्रथम श्रेणी में पास की है। पेशे से अध्यापन। सहायक  प्रोफेसर हिन्दी विभाग पूर्वोत्तर पर्वतीय विश्वविद्यालय शिलांग मेघालय में

भूरी-भूरी खाक धूल काव्य संग्रह में मुक्तिबोध की युग चेतना में एम0 फिल0 तथा  
समकालीन हिन्दी कविता में अभिव्यक्त समाज और संस्कृति में पी0 एच0 डी0।
 अब तक इनकी-  
और फिर एक दिन   कहानी संग्रह 
देसी पहाड़ परदेसी लोग   लेख संग्रह  
एक पेड़ की आत्म कथा काव्य संग्रह प्रकाशीत   एवं  
सृजन की इक्कीसवीं सदी लेख संग्रह शीघ्र प्रकाश्य।
 अनियतकालीन पत्रिका- साहित्य वार्ता का दो वर्षों तक संपादन एवं हिन्दी साहित्य की महत्वपूर्ण पत्रिकाओं में निरंतर प्रकाशन के साथ ही परिकथा  पत्रिका के लिए ताना बाना  शीर्षक से नियमित स्तंभ लेखन। इनके लेख एवं कविताओं का पंजाबी एवं बांग्ला में अनुवाद।

पुरस्कार-1-सृजन सम्मान 2005 रायपुर  छत्तीसगढ़
                  2-अम्बिका  प्रसाद दिब्य रजत अलंकरण 2008  भोपाल म0 प्र0

                  वर्तमान युग की सबसे बड़ी विडम्बना है - विसंगति। विसंगतियों ने पूरे समाज की जीवन धारा को कुंद कर दिया है। विसंगतियां आज समाज के प्रत्येक क्षेत्र में व्याप्त हैं। क्षेत्र चाहे आर्थिक हो, सामाजिक हो या जीवन मूल्यों का हो। कुछ ऐसी भी विसंगतियां होती हैं जो समाज के ताने बाने को अधिक आकर्षक  और मजबूत करती हैं। किन्तु यही विसंगतियां जब विद्रूपताओं का रूप धारण कर लेती हैं,तब समाज और
राष्ट्र अनेकानेक अनैतिकता के अधीन हो जाते हैं। कवि विभिन्न विसंगतियों से रुबरू होते हुए इसके खिलाफ मोर्चा खोलकर कविता का नया वितान रचता है।


               बकौल नित्यानंद गायेन-
कवि अपनी कविताओं के माध्यम से एकटक सुनहरे अतीत में झांकता है फिर अचानक व्याकुल हो उठता है अतीत के सुनहरे दिनों को खोते देखकर । किन्तु कवि उम्मीद नहीं छोड़ता । वह वर्तमान समय के षड्यंत्रों को ललकारते हुए आगे बढता है । कवि कर्म केवल समाज को दर्पण दिखाना नहीं  दीया भी दिखाना है । और कवि भरत प्रसाद यही कर रहे हैं । वे आज के इस खतरनाक समय में जहां सच के पक्ष में खड़ा होना सबसे बड़ा खतरा है  इसके पक्ष में खड़े होकर दे रहे हैं बेबाक गवाही । सत्य के साथ खड़े ,सरल भाषा के इस कवि को पढ़ते हुए उनकी पक्षधरता को आसानी से महसूस किया जा सकता है । 01 मई को मजदूर दिवस के अवसर पर प्रस्तुत हैं भाई भरत  प्रसाद की दो कविताएं-
इनकी कविताओं  से हम आगे भी रुबरू कराते रहेंगे ।



 
 























पृथ्वी को खोने से पहले

लाचार,आवाक् सा, सांसें रोके
सुदूर अतीत को झांकता रहता हूं अपलक
एक से बढ़कर एक पृथ्वी के अनमोल दिन
अरे, खोते जा रहे हैं मुझसे
आंखें उठाकर  देखिए,
इतिहास करवट बदलता है- एक दिन
छाटे- छोटे दिन मिलकर ही
बड़ी- बड़ी सभ्यताओं को जन्म देते हैं
किसी दि नही घटित होती हैं अमर घटनाएं
भूलिए मत
बुद्ध में बुद्धत्व छः साल में नहीं
सिर्फ छः दिन के भीतर प्रकट हुआ था
वर्षों से बुझे हुए मस्तक में
किस दिन चमकता हुआ विस्फोट भर जाए
कुछ कह नहीं सकते
नाउम्मीदी के घुप्प अंधकार में भी
एक न एक दिन
उम्मीद की सुबह खिलती है
हजार बार पराजय में टूटे हुए कदम भी
एक दिन , जीत का स्वाद चखते हैं
घृणा की चौतरफा मार से
किसी का मरा हुआ सिर
अचानक किस दिन
बेइंतहा सम्मान पाकर जी उठे
कौन बता सकता है  ?
पिछला कोई भी दिन,नहीं है आज का दिन
वह कल भी नहीं अएगा,
आज का दिन, सिर्फ आज के दिन है-
अनगिनत शताब्दियों के लिए
15 अगस्त की जगह,रख दीजिए 14 अगस्त
अर्थ का अनर्थ हो जाएगा
नहीं हो सकता 5 दिसम्बर, 6 दिसम्बर की जगह
सिर्फ एक दिन का फासला
मनुष्य का चेहरा  बदल देता है
पलट देता है इतिहास को देखने का नजरिया
हमारे जीवन  में हजारों दिन आए
और हजारों दिन गये
मगर धिक्कार! कि हम जीने की तरह
एक दिन भी  नहीं जीए
पृथ्वी को खोने से पहले
जी भरकर जी लेना चाहता हूं
एक-एक दिन का महत्व
सुन लेना चाहता हूं
जड़- चेतन में अनंत काल से धड़कती
पृथ्वी का हृदय
पदलेना चाहता हूं
सृष्टि के सारे अलक्षित मर्म
पा लेना चाहता हूं
हर वृक्ष के प्रति माटी की ममता का रहस्य
इसके बगै़र जीना तो क्या
इसके बग़ैर मरना तो क्या ।

लमही

लमही , नहीं है लमही में
नहीं है बनारस में
नहीं है उत्तर प्रदेश में
लमही के लिए
भारत वर्ष छोटा पड़ गया है
वह पार कर चुका है प्रशांत महासागर
लांघ चुका है तिब्बत और पामीर का पठार
फिर हिमालय की बात ही क्या
जरा ग़ौर से देखो
वह नाम बदल बदल कर फैल गया है
अमेजन , नीलडेन्यूब नदियों के किनारे
बस चुका है रूस,चीन और अफ्रीका के अंचलों में
यहां तक,फ्रंास और इंगलैण्ड के गांवों में भी
लमही अर्थात् मानवता के लिए कलम की खेती
जमीनी मनुष्यता का उत्सव
जनसत्ता का अभय उद्घोष
लमही का मतलब-
शब्दों की कालजयी ताकत
माटी का पक्का रंग
जुबान का सीधा-सादा जादू
पूरब में निकला हुआ
मनुष्य की आजादी का सबेरा
भारत का हर गांव लमही है
और लमही में हिन्दुस्तान का एक-एक गांव
अनाथ बच्चों के आंसुओं में लमही है
बूढ़े काका की फटी बिवाइयों में लमही है
घूंघट की आंड में बरसते
घरवाली के नयनों में लमही है
जवानी में विधवा हो चुकी
बूढ़ी दादी की कसम में लमही है
लमही है तो कलम के सिपाहियों की
उम्मीद अभी बाकी है
बाकी है पशुओं को भी
हीरा मोती कहने का सपना
उम्मीद है कि
अंतिम मनुष्य की मुक्ति की लड़ाई
फिर कोई प्रेमचन्द लड़ेगा
वरना अब कौन कहेगा?
कि धरती की फसलें,पानी -वानी से नहीं
किसी के खून-पसीने  से  लहलहाती हैं।

सम्प्रति-        सहायक  प्रोफेसर हिन्दी विभाग 

                         पूर्वोत्तर पर्वतीय विश्वविद्यालय शिलांग 
                        मेघालय 793022
                        मोबा0-09863076138  09774125265
                        ई-मेल-deshdhar@gmail.com
                        ब्लाग-deshdhara.blogspot.com